घर जगमग, मोहल्ला जगमग,
दिये, कैंडल और लाईटिंग,
समस्त साज सजावट से,
बाजार जगमग, पूरा शहर जगमग।
धम्म धड़ाम, बुम्म बड़ाम,
बम और पटाखों से,
आसमान गूंज रहा, आकाश दमक रहा।
मानो आसमान मुस्कुरा रहा,
रातें खिलखिला रही,
अंतरिक्ष अट्टहास कर रहा।
गोलू छुड़छुरी, गुड़िया फुलझड़ी,
मां के हाथ में सजी दियली,
बापू के बम पटाखे,
पड़ोस के ढोल नगाड़े,
उत्सव और हंसी खुशी,
जश्न और जज्बात।
मानो सुख की सुकुमार बयार,
बह रही है अनंत,
धरती के वक्षस्थल पर।
पर उनकी क्या?
जो अभी भी ट्रेन, बस और वायुयान में है,
यात्रा कर रहे है, ड्यूटी कर रहे है
उनकी क्या?
जो सरहद पर चौकन्ने है,
बीहड़, दलदल और कड़कती ठंड में,
पहरा दे रहे हैं,
और उनकी क्या?
जो अस्पतालों में,
आखिरी साँस गिन रहे हैं,
उनकी क्या?
जो रात गुजर जाने का इंतजार कर रहे है,
ताकि अगले दिन रोटी कमा सके,
परिवार खिला सके।
और उनकी क्या?
जो अभी अभी दुनिया से विदा हुए,
उस मजदूर का क्या,
अभी भी तैनात है ड्यूटी पर,
जिसकी बाट जो रहा है परिवार।
त्यौहार तो एक है,
पर उल्लास अलग-अलग क्यों है?
कहीं दिवाली का जश्न,
तो कही ग़म के साये क्यों हैं?
हर घर खुशहाली हो,
हर घर दिवाली हो,
सिर्फ एक दिन ही क्यों,
क्यों न, हर दिन ही दिवाली हो।
No comments:
Post a Comment