Followers

Thursday, February 10, 2022

सपने और मूल्य


बेटों ने चलने फिरने और बोलने में असमर्थ अपने पापा रिटायर्ड मेजर को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही घर के एक कमरे में फर्श पर गद्दा लगा दिया और नेपाली नौकर को कहा, "इनका पूरा ख्याल रखना। हमें कोई शिकायत ना मिले।" 

छोटे बेटे की नई शादी हुई थी। उसने हनीमून व गर्मियाँ बिताने के लिए स्विट्जरलैंड जाने का प्रोग्राम बनाया और चला गया।

बाद में दूसरे बेटे ने कनाडा एवं यू एस में और तीसरे ने रूस में छुट्टियाँ व्यतीत करने के प्रोग्राम बना कर निकल गए। जाते जाते नौकर को एक फोन देते हुए चेतावनी दी, "हमारी दो माह के बाद वापसी होगी। तुम पापा का पूरा ख्याल रखना, समय पर खाना, दूध और दवाएँ देना। पापा को तनिक भी परेशानी नहीं होनी चाहिए।"

नौकर ने सहज सहमति दे दी और वे सभी चले गए।

वे जहाँ भी जाते, आवश्यकता पड़ने पर हर जगह अपना परिचय मेजर के बेटे होने से शुरु करते और अपने पापा के साहस की कहानियाँ सुनाते .......

इधर बूढ़ा अपाहिज पिता अकेला घर के कमरे में लेटा साँसे लेता रहा। जजवह ना चल सकता था। ना स्वयं से कुछ माँग सकता था। नौकर 24 घण्टों उनके पास ही रहता और समय से भोजन, पानी, दूध, दवा आदि देता रहता।

एक महीना बीत गया। इस बीच नौकर के पास पापा का हाल जानने के लिये किसी बेटे का कोई फोन नहीं आया। अपनी जिम्मेदारियों से बचने व छुट्टियों के खराब होने के डर से सभी स्वयं को छोड़कर शेष दोनों भाइयों पर आश्रित बने रहे। 

एक दिन नौकर फोन घर पर ही छोड़ कमरे में ताला लगाकर बाजार से दूध लेने गया तो उसका एक्सीडेंट हो गया। लोगों ने उसे हॉस्पिटल पहुँचाया किन्तु वह कोमा में चला गया। नौकर कोमा से होश में ना आ सका और एक दिन चल बसा। उसके पास कोई वस्तु बरामद नहीं हुई थी। (फोन घर पर रख दिया था और एक्सीडेंट के समय चाभी शायद कहीं गुम हो गयी थी) अतः लावारिस मान कर प्रशासन ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

बेटों ने नौकर को सिर्फ पिता के कमरे की चाबी दी थी।  बाकी सारे घर को ताले लगाकर चाबियाँ साथ ले गए थे।प्रतिदिन की भाँति उस दिन भी नौकर उस कमरे को ताला लगाकर चाबी साथ लेकर गया था ताकि उसकी अनुपस्थिति में कोई घर मे घुस ना सके। और फिर वह अभी वापस आ ही जायेगा। 

अब बूढ़ा रिटायर्ड मेजर जनरल कमरे में बन्द हो चुका था। वह चल फिर भी नहीं सकता था। किसी को आवाज नहीं दे सकता था।

अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जब सबसे पहले पहला बेटा वापस आया तो घर पर ताला बंद पाकर नौकर को फोन लगाया। लम्बे समय से रिचार्ज न होने के कारण सिम डिएक्टिवेट हो गया था शायद इसलिए फोन नहीं लगा। दूसरे भाइयों से बात करके जानना चाहा कि नौकर से उनकी लास्ट बात कब हुई थी। दोनों ने कोई बात न होने की बात बताई। पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने नौकर को बहुत दिनों से बाहर निकलते या आते जाते नहीं देखा है। 

हार मान कर जब ताला तोड़कर कमरा खोला गया तो ... 

पूरा कमरा हल्की बदबू से भरा हुआ था। खिड़की दरवाजे सब बन्द थे। ए सी चल रहा था अतः कमरे में ठंडक थी। फर्श पर पड़े गद्दे पर एक कंकाल पड़ा हुआ था जिसके गले तक चादर पड़ी हुई थी। उस कंकाल के शरीर में सेना की वर्दी थी जो चादर से बाहर निकली बाहों में दिख रही थी। कमरे में निस्तब्धता छाई हुई थी।

यह कहानी हमें बता रही है कि किस तरह अपनी संतान के लिए नेकी और बुराई की परवाह किए बगैर हम सब उनका भविष्य संभालने के लिए तन, मन, धन खपाते हैं और ज्यादा से ज्यादा दौलत-जायदादें बनाकर उनका भविष्य की पीढ़ियों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने की कोशिश करते हैं। ऐसा करते समय यह सोचते रहते हैं कि यह औलाद कल बुढ़ापे में मेरी देखभाल करेगी। 

बेहतरीन स्कूलों में भौतिक शिक्षा दिलवाने की आपाधापी में हम ये भूल जाते हैं कि जीवन उपयोगी नैतिक मूल्यों, मानवतायुक्त संस्कारों, धार्मिक विचारों की शिक्षा देने से ही मानव का पूर्ण विकास संभव होता है। नैतिक, सामाजिक, धार्मिक व मानवीय शिक्षा को हम समय की बर्बादी समझते हैं।

यदि ऐसा कहा जाय कि बूढ़े, अपाहिज और अशक्त हो चुके रिटायर्ड मेजर का मर जाना ही उचित था। मानते हैं ... किंतु क्या ऐसी मृत्यु... न..न...न!

साभार

Wednesday, February 2, 2022

कर्म ही पूजा है।

मोबाइल स्क्रीन पर जैसे ही 4.30 टिक-टिक हुआ, मन मस्तिष्क में ऑफिस से लौटने के ख्याल घूमने लगे। वैसे भी जनवरी के अंत आते-आते दिन की लंबाई सूत भर ही बढ़ती है। 

शाम का आगमन होने ही वाला था। बस किसी तरह रजिस्टर पर बेशकीमती हस्ताक्षर झटपट उकेर दे और रास्ता नापें। पर कोई आसान थोड़े ही था। अभी तो पार करना था विंध्याचल। साहब को रिझाना कोई बच्चों का खेल नही। 
इसी विचार से बैठा आमने सामने। साहब की हल्की फुल्की चापलूसी और सहकर्मियों की ढेर सारी खामियां चुटकी में गिना डाली, एक सांस में।

साहेब को मूड देख रजिस्टर आहिस्ता खिसकाया और घर्र से हस्ताक्षर चेप दिया। फिर फर्राटा निकला कहीं साहेब की पुकार न आ जाए।

मुख्य द्वार को लाँघते ही वही ख्याल घूमने लगा कि सीधे प्लाट पर जाना है। फटाफट फोन मिलाया अमित बाबू को।
'कहाँ हो अभी' ताबड़तोड़ अंदाज में मैने बोला।
'प्लाट पर' अमित बाबू अपने जाने माने सुस्ताने अंदाज में बोले।
'फिर आ जाओ चौराहे पर' दबंगई में मैने बोला।
'ठीक है' शालीनता का अद्भुत परिचय देते हुए अमित बाबू बोले।

अमानी पर तो मिस्त्री लोग 5.00 बजे तक बैग पैक कर लेते हैं और ठेके पर तो 6.00 बजे तो कभी 6.30 तक लगे रहते हैं। दूसरे मंजिल की शटरिंग लगनी है तो फिर देर तक काम चलेगा। आज कितना काम हुआ? आज का काम कैसा होगा? कैसा दिखेगा? यह जानने जिज्ञासा और उत्सुकता सदैव बनी रहती है।

यही सब मन मे गूथते सरपट आगे बढ़ता जा रहा। गंगा ब्रिज पैदल पर कर, थाने से विक्रम लेकर चौराहे पर पहुँच गया। अमित बाबू पहले से ही इंतजार कर रहे थे, और मोटर साइकिल का धुंआ निकाल रहे थे। चौराहा पार कर झपक से बैठ गया पीछे और सटाक से पहुंच गया प्लाट।

अमित बाबू गाड़ी धीमी किए और मैं झप्प से उतरा सीधे छत पर पहुँचा। जैसे कोई मेरा बेसब्री से इंतजार कर रहा हो या मुझे किसी को देखने की महा जल्दी हो।

'नमस्ते सर' जानी पहचानी, प्रत्याशित मिस्त्री की आवाज कानो तक पहुंची। मन्द मुस्कान और सरलता से मैंने नमस्ते का जबाव दिया। आगे बढ़ते गए।

'मिस्त्री कहाँ हो? दिखाई नही दे रहे हो' मैंने पूछा।
'इहाँ हूँ सर, मेहराब बना रहा हूँ' मिस्त्री ईंट के जाल के पीछे से सिर उठाते हुए ऊंची आवाज में बोले।
चारों तरफ से लगी बाँस बल्लियों को बचाते पहुँचा मिस्त्री के पास। ऐंड बेंड करते लपाक से मैं भी चढ़ गया चहली पर।
'सर आप उतर जाइए'। मिस्री ने बोला।
'क्यों क्या हुआ' मैने उत्सुकता बश पूछा।
'सर, आप गिर जाओगे,  चहली टूट सकती है' मिस्त्री ने बोला।
मैं झटपट नीचे उतर गया।
ईंटों की जाल के अर्धगोले के ऊपर गीली मिट्टी का लेप। भूरे जैकेट, झीने पायजामें, गीले मिट्टी से सने हाथ से लपालप लेपे जा रहे। अर्धगोले के आधे तो लेप हो गया और बचा था उसका आधा। सूत की करिश्माई कमाल तो सिर्फ मिस्त्री ही समझ सकता है। कभी कन्नी से गीली सनी मिट्टी तसले से दो चार मर्तबा उठाता और फिर निगाहें गड़ाए सूत चलाता।

मिस्त्री तो ईंट गारे के काम पसन्द लोग होते हैं। कन्नी बसली का इनका गहरा रिश्ता होता है। सनी मिट्टी में हाथ लबोरे चपाचप कन्नी चलाये जा रहे हैं। कभी कन्नी तो कभी कभी सूत। बीच बीच मे तसले से मिट्टी। ध्यान तो बिल्कुल बगुले जैसी। मजाल है कोई सूत रत्ती भर दाएं बाएं हो जाये। कभी आगे झुककर तो कभी थोड़ा पीछे मुड़कर आँख गड़ाए जा रहे मानो ताजमहल की सलीक संरचना बनाई जा रही हो। न कपड़े का मिट्टी से गंदे होने की खबर और न ही कोई घिन्न।

इतनी तत्परता और तल्लीनता। बिल्कुल ध्यानमग्न और कार्यकेन्द्रित। चहली पर मन्द चहलकदमी बिल्कुल चींटी की चाल माफित। सूत से इतनी मोहब्बत और कन्नी से इतना प्यार। फिकर इतनी कि राई भर भी अर्धवृत्त बेडौल न हो जाय। दोनों हाथ भरकर सनी मिट्टी उठाना, फिर लेपना और कन्नी से लेवल करना। सबसे महत्वपूर्ण कि सूत से पेंडुलम जैसे कभी दाएँ तो कभी बाएं घुमाना। इतनी आश्वास कार्यमग्नता मैंने तो पहली बार देखी।

लगभग तीन महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। मुश्किल से ही कोई दिन होगा जब मैं प्लाट नही गया। गपशप के साथ तकनीकी चर्चा करता। अपने ख्वाबी ख्यालो से मिस्त्री को तंग भी करता कि 'यहाँ ऐसे हो सकता है वहाँ ऐ कर दो तो अच्छा होगा'। कुछेक मौके पर तो बनी दीवाल को गिरवाया भी बड़े आत्मविश्वास से। मिस्त्री तिलमिलाता और झल्लाता। पर हंसमुख अंदाज में कहता 'सर मेरा बहुत नुकसान हो जाएगा, घर से पैसा देना पड़ जायेगा'। 

'कोई नही, थोड़ा मैनेज करो, तुम्हें घाटा नही होगा, फिकर न करो' ऐसा कुछ मेरी जबान से निकलता।

पर कभी ऐसा न हुआ कि मिस्त्री के काम का इतना असर हुआ हो। अब सामने तो बखान कर नही सकता था। कहीं मिस्त्री आसमान पर न चढ़ जाय। बजाय इसके मैंने अमित बाबू को थोड़ा दूर ले गया और फुसफुसाया 'देखो अमित बाबू, ऐ होता है काम के प्रति निष्ठा और ईमानदारी। इसी को कहते हैं कर्तव्य परायणता। देखो मिस्त्री कितना लग के काम कर रहा है, मिट्टी दोनों हाथ भरके उठा रहा है जबकि मिस्त्री का मिट्टी का नही है। इसकी खबर बराबर है कि कहीं रूप कुरूप न हो जाय'।
आगे अमित बाबू को फिलॉसफी झाड़ते हुए मैंने बोला, 'इसी को कहते हैं कर्म ही पूजा है, कार्य ही धर्म और सच्ची भक्ति है'।

आज मिस्त्री ने दिल जीत लिया। उसके काम ने अक्सर ही मन को भाया पर आज मुक्तकंठ से प्रसंशा करने का जी हो रहा था।

मैंने शाबाशी देने का नया रास्ता निकाला और मिस्त्री से बोला, 'मिस्त्री, बताओ क्या खाओगे?'
मिस्त्री भी जैसे इंतजार में था और झट से बोला, 'यहाँ कहाँ खाएंगे, यहाँ तो कुछ नही मिलेगा, चलिए गंगाराम पर'।

फिर मैं, मिस्त्री और अमित बाबू गंगाराम पर छोले दही डाल कर दो-दो समोसे चाव से निपटाए और स्वादिष्ट गर्म चाय पिए।
फिर निकल गए अपने-अपने आशियाने।
बाइक पर पीछे बैठे अमित बाबू को पुनः फिलॉसफी झाड़ने लगा। वैसे भी गारे बगाहे फिलॉसफी झाड़ता ही रहता हूँ। आज तो फिलॉसफी के दिव्यदर्शन हुए चक्षु को। 

'अमित बाबू, इसी को कहते हैं कार्य के प्रति ईमानदारी, काम कुछ भी हो, पर जो काम करो, पूरे मन से करो, पूरी निष्ठा से करो, कर्म ही पूजा है'। मन्द स्वर में बिल्कुल कान के इर्द गिर्द मैंने बोला।

अमित बाबू के जाने पहचाने हाँ और हूँ जैसे जबाव के साथ पहुँच गए अपने ठिकाने।

मूर्खों से बहस न करें।

गधे ने बाघ से कहा, घास नीली है।

बाघ ने कहा, घास हरी है।
विवाद बढ़ता गया फिर दोनों के बीच चर्चा तेज हो गई।

दोनों ही अपने-अपने शब्दों में दृढ़ हैं।

इस विवाद को समाप्त करने के लिए दोनों जंगल के राजा शेर के पास गए।

पशु साम्राज्य के बीच में सिंहासन पर बैठा एक शेर था।

बाघ के कुछ कहने से पहले ही गधा चिल्लाने लगा, महाराज, घास नीला है ना ?

शेर ने कहा हाँ, घास नीली है।

गधा,
 ये बाघ नहीं मान रहा, उसे ठीक से सजा दी जाए!!

शेर राजा ने घोषणा की बाघ को एक साल की जेल होगी, राजा का फैसला गधे ने सुना और वह पूरे जंगल में खुशी से झूम रहा था .....!

बाघ को एक साल की जेल की सजा सुनाई गई, बाघ शेर के पास गया और पूछा, क्यों महाराज ! घास हरी है, क्या यह सही नहीं है ?

शेर ने कहा हाँ! घास हरी है।

बाघ ने कहा... तो मुझे जेल की सजा क्यों दी गई है ?

सिंह ने कहा, आपको घास नीले या हरे रंग के लिए सजा नहीं मिली, आपको उस मूर्ख गधे के साथ बहस करने के लिए दंडित किया गया है, आप जैसे बहादुर और बुद्धिमान जीव ने गधे से बहस की और निर्णय लेने के लिए मेरे पास आये...

"कहानी का सार"
मूर्खों से बहस न करें।